जागरण संवाददाता, रुड़की: ग्राम पंचायत सुल्तानपुर साबतवाली के विकास कार्यों में गड़बड़ी को लेकर मंगलवार को उच्च न्यायालय के आदेश पर एक टीम ने गांव में जाकर जांच-पड़ताल की। करीब पांच घंटे तक टीम ने गांव में विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। साथ ही अभिलेख आदि की जांच-पड़ताल की।
रुड़की विकासखंड के सुल्तानपुर साबतवाली गांव के कुछ लोगों ने ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए पहले प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की थी। प्रशासनिक स्तर पर कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने मामले में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान रूपा देवी ने वित्तीय गड़बड़ी की है। इस पर उच्च न्यायालय ने जिलाधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा। जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार चौधरी के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी पीएस चौहान, डीपीआरओ आरसी त्रिपाठी, एई अनिल जैन आदि गांव में पहुंचे और जांच-पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर लगाए गए हैंडपंप, नाली का निर्माण, मनरेगा के तहत हुए कार्य आदि की जांच-पड़ताल की। साथ ही लोगों के बयान भी दर्ज किए। करीब पांच घंटे तक जांच-पड़ताल करने के बाद टीम वापस चली गई। जिला पंचायत राज अधिकारी आरसी त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। बताते चलें कि जिलाधिकारी को नौ दिसंबर तक अपनी रिपोर्ट उच्च न्यायालय को देनी है।