बृहस्पतिवार शाम एकाएक बदले मौसम और झमाझम बारिश ने दिल्ली की फिजा ही बदल दी। दिन में गर्मी से परेशान रहे दिल्लीवासियों को देर शाम ठंडक का अहसास हो गया। तेज आंधी के साथ लगभग दो घंटे तक हुई झमाझम बारिश से न्यूनतम पारा दो डिग्री तक गिर गया। आइटीओ, मंडी हाउस, लक्ष्मी नगर सहित दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के कई क्षेत्रों में ओले गिरे। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव के चलते सड़क पर वाहनों का जाम लग गया। इसके अलावा विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार सुबह भी मौसम में ठंडक महसूस हुई।
बृहस्पतिवार को शाम साढ़े पांच बजे अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। जबकि न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। लेकिन रात साढ़े आठ बजे बारिश के प्रभाव से न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरकर 21.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। जबकि बारिश इसी समयावधि तक 35.2 मिलीमीटर दर्ज की गई।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था, इसीलिए दिल्ली के मौसम में बदलाव आया। स्काईमेट के मुख्य मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के अनुसार, मानसून के दौरान कई बार इस तरह की परिस्थितियां बन जाती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बारिश का पूर्वानुमान तो किया गया था, लेकिन तापमान कम होने से ओले भी पड़ गए। मौसम विभाग के अनुसार अब बारिश की संभावना कम है। आते और जाते मानसून में यह संभावनाएं क्षेत्र विशेष के बादलों की वजह से बनती हैं इसलिए इनका पूर्वानुमान पहले नहीं हो सकता।
आइजीआइ एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार को बारिश के कारण उड़ानों पर बुरा प्रभाव पड़ा। अचनाक हुई तेज बारिश के कारण आधे घंटे तक उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। इस दौरान आ रहीं चार उड़ानों को डायवर्ट कर अन्य एयरपोर्ट पर उतारा गया। आने और जाने वाली 50 से ज्यादा उड़ानें आधे से दो घंटे की देरी से उड़ीं और उतरीं। इस वजह से विमान यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। आइजीआइ एयरपोर्ट मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार की रात पालम इलाके में कुल 20.4 मिलीमीटर बारिश हुई। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के प्रवक्ता ने बताया कि बारिश के कारण एयरपोर्ट पर रात 7.56 से 8.22 के बीच उड़ानों का संचालन बंद रहा। देर रात दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट की गई उड़ानों को को वापस दिल्ली लाने का प्रयास किया जा रहा था।